जम्मू। डोगरा चौक में मंदिर-मस्जिद पॉइंट पर खुद को आग लगाने वाली युवती की मौत हो गई। वीरवार को उसका अंतिम संस्कार किया गया है। 25 वर्षीय नर्सिंग की छात्रा ने 21 मई को खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। उसका चेहरा छोड़कर गर्दन के नीचे का लगभग 70 फीसदी शरीर झुलस गया था। जांच में सामने आया था कि छात्रा का युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। तीन दिन से प्रेमी फोन नहीं उठा रहा था जिससे वह सदमे में थी।
वह लगातार प्रेमी से संपर्क करने का प्रयास कर रही थी लेकिन युवक कॉल और मैसेज का जवाब नहीं दे रहा था। रिश्ते में आए तनाव से आहत होकर युवती प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल लेकर डोगरा चौक पहुंची। इसके बाद शिव मंदिर के नीचे अखाड़े में युवक के साथ बैठी। इसी बीच दोनों में किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। बातचीत के दौरान ही अचानक गुस्से में आकर युवती ने खुद पर पेट्रोल फेंक लिया और माचिस जलाकर आग के हवाले कर दिया था। नबावाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है। हालांकि शिकायत के बाद जांच चल रही है।