सांबा। अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटी राजपुरा तहसील के गांवों में गत दिनों से कुछ महिलाएं घर-घर जाकर पंचायत प्रतिनिधियों को साथ लेकर लोगों से एक फाइल के सौ-सौ रुपये ले रही हैं। ग्रामीणों के पूछने पर इन महिलाओं ने दावा किया है कि उन्हें तहसील प्रशासन ने डोमिसाइल प्रमाणपत्र बनाने के एवज में 100 रुपये शुल्क को भेजा है। इस पर ग्रामीणों ने उन महिलाओं को जरूरी दस्तावेज की फोटो कापी के साथ प्रत्येक डोमिसाइल पर सौ रुपये भी दे दिए हैं।
उक्त महिलाओं ने ग्रामीणों को कहा कि वह उनके डोमिसाइल प्रमाणपत्र का आनलाइन आवेदन कर रही हैं। सीमावर्ती गांव नडाला, सारथी, कुलियां व मंगुचक गांवों से वह एक-एक सौ रुपये प्रत्येक डोमिसाइल का इकट्ठा कर चुकी हैं। उन्हें किसी ने पूछा तक नहीं कि वह कौन हैं, कहां से आई हैं। कुछ महिलाओं का कहना था कि वह दूसरे जिले की थीं। जो यह कह कर उनसे धन ले गईं कि उनके डोमिसाइल आनलाइन कर रही हैं।
-----
एक साइबर कैफे से कुछ महिलाएं पंचायत के 500 लोगों के दस्तावेज की फाइल बनाकर ले गई हैं। उन्होंने 15 दिन में डोमिसाइल प्रमाण पत्र देने का समय बताया है।
- आशा रानी, सरपंच नडाला पंचायत
-----
तहसीलदार बोले - किसी को नहीं भेजा
तहसीलदार राजपुरा ओमप्रकाश भगत ने कहा कि इस तरह से उगाही की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। प्रशासन ने किसी को इस तरह पैसे एकत्रित करने को नहीं भेजा है। डोमिसाइल प्रमाण पत्र के लिए लोगाें को सीधे कार्यालय में संपर्क करना चाहिए। लोगों को जागरूक होना चाहिए।
-----