बाबा सिद्धगोरिया मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा,
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। रंग-बिरंगे फूलों से सजा रथ और उस पर सवार संत, चारों ओर भगवान के जयघोष, बड़ी संख्या में श्रद्धालु और सिर पर कलश... ऐसा नजारा रवार को पलोड़ा स्थित बाबा सिद्धगोरिया मंदिर में दिखा। यहां से 54वें शतचंडी महायज्ञ को लेकर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। महंत कुलदीप सिंह के मार्गदर्शन में महिला श्रद्धालुओं ने सिर पर कलश उठाए। सुबह नौ बजे यात्रा बीएसएफ पलोड़ा के पास नहर तक निकाली गई। मंदिर में 54वां शत चंडी महायज्ञ, हवन पूजन, संत सम्मेलन एवं सत नारायण दास महाराज द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया है। 24 सितंबर तक भव्य धार्मिक कार्यक्रम चलेंगे। सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक मंडल पूजन और यज्ञ हुआ। प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक भागवत कथा जारी है। यहां अशोक सिंह चिब, सतीश शर्मा नरवाल वाले, अतुल सूद शिव नगर, वासु, विशु जयपाल मौजूद रहे।