दोमाना। मढ़ विधानसभा क्षेत्र की चन्नो चक पंचायत के बाबा तालाब में सैकड़ों मछलियां मर गईं। मौके पर एसडीएम मढ़ मनु हंसा और सरपंच प्रेम सिंह चिब पहुंचे। उनके साथ मछली पालन विभाग की अधिकारी अनु बाला व ग्रामीण विभाग के इंस्पेक्टर राम दित्ता शर्मा मौजूद रहे। घटना शनिवार सुबह की है जब लोग मरी हुई मछलियों को देखकर हैरान हो गए। एसडीएम ने फिलहाल तालाब में किसी को न नहाने की हिदायत दी है। पुलिस कर्मचारियों की तैनाती के आदेश दिए हैं। वहीं, लोगों का आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति शराब पीकर तालाब में गंदगी फैलाते हैं। बाबा जित्तो और बुआ कोढ़ी के तालाब की बहुत महानता है। संवाद