अघोषित बिजली कटौती को लेकर बिश्नाह के लोगों ने विभाग के खिलाफ किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। बिजली की अघोषित कटौती से परेशान बिश्नाह के लोगों का गुस्सा शनिवार को बिजली विभाग तथा प्रशासन पर फूटा। लोगों ने सड़क पर आकर विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि भीषण गर्मी में कटौती हो रही है। ऐसे में न घर में सुकून है और न ही बाहर निकल सकते हैं। उन्होंने विभाग को बिजली के अघोषित कटों को जल्द बंद करने की चेतावनी दी। साथ ही उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से समस्या का संज्ञान लेने की गुहार लगाई।
प्रदर्शन में शामिल देवराज भगत ने कहा कि विभाग को समय पर बिल लेने की याद रहती है, लेकिन समय पर बिजली देना भूल जाता है। लोग बिजली के कटों से परेशान हैं। आज भी लोगों को लगभग 12 घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। इसके लिए कौन जिम्मेदार है? क्यों इस समस्या का स्थायी हल प्रशासन और विभाग नहीं निकाल पा रहा? क्षेत्र में बिजली के नए तार डाले गए, नए ट्रांसफार्मर लगाए गए, फिर भी लोग बिजली के लिए तरस रहे हैं। कुछ दिनों से पारा 40 डिग्री के पार जा रहा है। इतनी गर्मी में लोग कहीं बाहर नहीं जा सकते। लेकिन, बिजली कटौती लोगों का घरों में भी रहना मुश्किल कर रही है।
वहीं, प्रदर्शन में शामिल अमरो देवी ने बताया की बिजली के लंबे-लंबे कटों ने क्षेत्र के लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। बिजली के जाने का तो मालूम होता है, लेकिन आने का कोई पता नहीं होता। विभाग जब दिल करता है बिजली का कट लगा देता है। बाहर गर्मी होती है और अंदर बिजली बंद होती है। अब बच्चों के साथ लोग कहां जाएं। उधर, सुनीता ने बताया कि रात को जब सोने का समय होता है, उसी वक्त बिजली बंद हो जाती है। कुछ दिनों से यही चल रहा है। इस कारण बच्चों को भी पूरी नींद नहीं मिल पा रही। उनकी पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन तथा विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द समस्या का हल नहीं किया गया तो बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे।