जम्मू। बेरोजगार डेंटल सर्जनों ने इंदिरा गांधी डेंटल कालेज के सामने अंबफला चौक पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी डाक्टरों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोजगार की मांग उठाई।
डेंटल सर्जन एसोसिएशन जम्मू के प्रधान राहुल कौल ने कहा कि वर्ष 2008 के बाद नई नियुक्तियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग और सरकार की ओर से कोई उचित कदम नहीं उठाए गए हैं। इससे 7000 से अधिक डेंटल सर्जनों के परिवार प्रभावित हैं। अब तक एक हजार से अधिक डेंटल सर्जन ओवरएज हो चुके हैं। जेकेपीएससी की ओर से अब तक 543 डेंटल सर्जन की नियुक्त किए गए हैं। वर्ष 2014 में दो माह के आंदोलनके बाद डेंटल सर्जनों को रोजगार का आश्वासन दिया गया था लेकिन कुछ नहीं किया गया। उन्होंने मांग की कि जेकेपीएससी और अन्य केंद्रीय प्रायोजित योजनाओं के तहत डेंटल सर्जनों की नियुक्तियां की जाएं। डेंटल सर्जनों की नियमित नियुक्तियों के लिए नियमित नीति बनाई जाए। डेनिटेस्ट्री का अलग से निदेशालय गठित किया जाए।