स्वाइन फ्लू की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा के लिए सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की नंदनी में बैठक हुई। इसमें जिले के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डा. करतार चंद ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत जिले के अलग-अलग ब्लाकों में काम कर रही टीमों के सदस्यों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए और तत्परता से काम करने को कहा।
मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी ने स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि वह लोगों को स्वाइन फ्लू के बारे में जागरूक करें और इसके लक्षणों एवं बचाव के बारे में लोगों को पूरी जानकारी दें, ताकि इसे फैलने से रोका जा सके। इसके साथ ही हर ब्लॉक से इस संबंध में सीएमओ कार्यालय को नियमित रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि वह बताएं कि संक्रमण से डरने की जरूरत नहीं है। खांसते व छींकते समय मुंह ढंक कर रखें। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डा. विजय थापा ने भी स्वाइन फ्लू को लेकर सीएमओ को विस्तार से जानकारी दी। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी डा. विजय थापा आदि मौजूद रहे।