जम्मू। नगर निगम के आयुक्त डाॅ. देवांश यादव ने सोमवार वार्ड नंबर 52 का दौरा कर आमजन की समस्याएं सुनीं। वहां पर त्रिकुटा नगर के अंबेडकर नगर एक्सटेंशन में स्थानीय लोगों ने पानी की निकासी न होने की समस्या बताई। इसमें कहा गया कि बारिश के मौसम में यहां की हालत खराब हो जाती है। सड़क तक पानी बहता है।
नगर आयुक्त डाॅ. देवांश ने कहा कि मानसून के सीजन को देखते हुए जल निकासी की समस्या को जल्द दूर किया जाएगा। नगर निगम कमिश्नर ने लोगों को बताया कि नालों के सीमांकन में तेजी लाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
आमजन की सुविधा के लिए नालों के चौड़ीकरण का काम जल्द शुरू होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि नाले के किनारे अतिक्रमण को जल्द से जल्द हटा लें। इससे नाले की सफाई में कई बार समस्या पैदा होती है। इस अवसर पर उपायुक्त (दक्षिण) लाल चंद, कार्यकारी अभियंता अश्विनी खजुरा, मुख्य परिवहन अधिकारी धर्मवीर सिंह आदि मौजूद थे।
जम्मू कश्मीर व लद्दाख उच्च न्यायालय में 74 पदों पर होगी भर्ती
जम्मू। जम्मू कश्मीर व लद्दाख उच्च न्यायालय में 74 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इसमें राजपत्रित और गैर राजपत्रित पद शामिल हैं। इसमें 30 अप्रैल से लेकर 16 जून तक आवेदन लिए जाएंगे। इन पदों में रीडर के चार, सीनियर व जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर के छह-छह, स्टेनोटाइपिस्ट के 10 और जूनियर असिस्टेंट के 48 पद शामिल हैं।