जम्मू। मंडलायुक्त रमेश कुमार ने उपायुक्तों को निर्देश दिए हैं कि जम्मू मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी के अंतर्गत निशानदेही किए गए प्रोजेक्टों को मंजूरी के लिए भेजें। जम्मू में शुक्रवार को जम्मू मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी के अंतर्गत पांच जिलों के अधिकारियों से बैठक कर मंडलायुक्त ने यह निर्देश दिए। कहा कि सड़क, पेयजल आपूर्ति, सीवरेज निस्तारण, बिजली, ठोस कचरा प्रबंधन, सार्वजनिक परिवहन और पार्किंग व अन्य जन सुविधाओं से संबंधित परियोजनाएं शामिल होंगी। मंडलायुक्त ने जारी परियोजनाओं में हीरानगर कस्बे में ग्रीन स्पेस, पार्किंग व बस टर्मिनल के निर्माण, तवी रिवर फ्रंट, ठंडी खुई में बस स्टैंड के विकास की परियोजना में हुई प्रगति की भी समीक्षा की। जेएमआरडी के तहत जम्मू, रियासी, उधमपुर, सांबा और कठुआ जिलों की 30 तहसीलें और 1107 राजस्व गांव शामिल हैं। ब्यूरो