पंजीकरण करते बाबा बर्फानी के भक्त
- फोटो : Amar Ujala
श्री अमरनाथ यात्रा के लिए आए यात्रियों ने टोकन पंजीकरण और यात्रियों की सुविधाओं के बंदोबस्त में अव्यवस्था को लेकर जमकर हंगामा किया।
रेलवे स्टेशन के सरस्वती धाम के बाहर रेलवे स्टेशन रोड को रोक कर यात्रियों ने जमकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। यात्रियों का कहना है कि दलों में आए यात्रियों को अलग-अलग तारीख का पंजीकरण किया जा रहा है। यह भी कहा कि उनके इलाकों में सरकारी अस्पतालों में किए मेडिकल को रिजेक्ट किया जा रहा है।
यात्रियों ने बताया कि पांच दिन से जम्मू में पहुंचे हुए हैं। पूरी बस लेकर उत्तर प्रदेश से आए हुए हैं। उनके चार लोगों का अलग-अलग तारीख का पंजीकरण किया गया है। इसकी वजह से पूरी बस जम्मू में रुकी हुई है।
अब तो उनके पास इतने पैसे भी नहीं कि जम्मू में रुक सकें। यात्रियों ने मांग की कि सब लोगों का एक ही दिन का पंजीकरण होना चाहिए। वहीं मौके पर पहुंचे एसडीपीओ चंदन कोहली ने यात्रियों को शांत किया। आश्वासन दिया कि बुधवार को दिन में डेढ़ बजे सबका ग्रुप पंजीकरण होगा। मेडिकल प्रक्रिया जांचने के लिए राज्यपाल हाउस में बात की जाएगी।