बैठक में मौजूद मुख्यमंत्री व अन्य।
- फोटो : Amar Ujala
राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में जिला विकास बोर्ड की बैठक को संबोधित करते हुए महबूबा ने यह बातें कहीं। उन्होंने श्रीनगर को कश्मीर का दिल बताते हुए कहा वर्ष 2014 की बाढ़ में जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई करने का काम निर्धारित अवधि में पूरा किया जाएगा।
एसकेआईसीसी में छह घंटे लंबी चली जिला विकास बोर्ड की बैठक में मुख्यमंत्री ने श्रीनगर जिले के लिए 100.29 करोड़ के प्लान को मंजूरी दी। बैठक में मुख्यमंत्री ने जम्मू और श्रीनगर के लिए अलग से कैपिटल सिटी प्लान के विचार पर जोर दिया।
महबूबा ने कहा जिला विकास प्लान के तहत फंडिंग की प्रक्रिया से जम्मू और श्रीनगर को अलग करने से राजधानी शहरों की कई समस्याओं का हल हो सकेगा। कैपिटल सिटी प्लान के लिए उन्होंने वित्त मंत्री को निर्देश देते हुए कहा जम्मू और श्रीनगर शहरों की विशेष जरूरतों को देखते हुए अलग से डेवलपमेंट प्लान का तंत्र विकसित करें।
कश्मीर संभाग के सीमित वर्किंग सीजन का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा निर्माणाधीन परियोजनाओं पर नाइट शिफ्ट में काम करने की जरूरत है। इसके लिए पर्याप्त धनराशि को उपलब्ध करवाया जाएगा।
डीडीबी चेयरमैन के तौर पर अपनी पहली बैठक को संबोधित कर रही महबूबा ने कहा श्रीनगर में सीवरेज और ड्रेनेज की समुचित व्यवस्था बहाल करने के साथ ही अतिक्रमण हटाकर यतायात की समस्या को दूर करने, सड़कों को अपग्रेड करने और झेलम की सफाई का काम पूरा करने की व्यवस्था की जाएगी।
विकास परियोजनाओं पर तेजी से अमल के अलावा महबूबा ने अनंतनाग-श्रीनगर, श्रीनगर-सोपोर और श्रीनगर-बारामुला रूट पर जल मार्ग परिवहन सेवा को पुनर्जीवित करने के निर्देश दिए। वहीं बैठक में तमाम विधायकों ने श्रीनगर जिले के लिए जारी की गई राशि को अन्य जिलों की तुलना में बेहद कम मंजूर किया गया है। बैठक में वित्त मंत्री डा. हसीब ए द्राबू सहित अन्य सरकारी प्रतिनिधि मौजूद थे।