संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी) में डिजिटल मीडिया में पीजी डिप्लोमा की छात्रा साक्षी चौरसिया ने पहला रैंक पाया। उन्होंने आईआईएमसी के सभी पांचों कैंपस के सभी पाठ्यक्रमों के साथ-साथ डिजिटल मीडिया कोर्स में मुकाम हासिल किया। नामीरा अंजुम डिजिटल मीडिया आईआईएमसी जम्मू के साथ ओवरऑल दूसरी टॉपर बनीं। हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा की छात्रा अंबिका रश्मि ने सम्मानित पाठ्यक्रम में प्रथम रैंक और टॉपर रहीं। अंग्रेजी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा की छात्रा सौम्या जैन ने अपने विषय में प्रथम रैंक और सभी आईआईएमसी में तीसरी रैंक हासिल की। ऐश्वर्या राय निगम ने 83.50 प्रतिशत अंक प्राप्त किए और वह आईआईएमसी जम्मू में तीसरे स्थान और ओवरऑल चौथे स्थान पर हैं।
आईआईएमसी के क्षेत्रीय निदेशक प्रोफेसर अनिल सौमित्र ने सभी होनहारों को बधाई देकर कहा कि संकायों के मार्गदर्शन में तीनों पाठ्यक्रम डिजिटल मीडिया, हिंदी पत्रकारिता और अंग्रेजी पत्रकारिता के छात्रों ने कड़ी मेहनत की है। साक्षी चौरसिया और अंबिका रश्मि ने शैक्षणिक क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन किया है और दोनों दिल्ली, जम्मू, आइजोल, अमरावती, ढेंकनाल, कोट्टायम में स्थित सभी आईआईएमसी परिसरों में डिजिटल मीडिया और हिंदी पत्रकारिता पाठ्यक्रम की टॉपर हैं।
डिजिटल मीडिया के समन्वयक डॉ. विनीत उत्पल ने कहा कि यह आईआईएमसी की बड़ी उपलब्धि है क्योंकि 2022-23 में डिजिटल मीडिया और हिंदी पत्रकारिता पाठ्यक्रम शुरू किए थे और पहले बैच ने ऐसी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता की अंबिका रश्मि ने भी इसी वर्ष पत्रकारिता एवं जनसंचार में नेट की परीक्षा उत्तीर्ण की है। उपनिदेशक आयुसी पुरी ने कहा कि बैच के परिणाम शानदार रहे। उम्मीद है कि छात्र निश्चित रूप से मीडिया क्षेत्रों में अग्रणी बनेंगे। नए बैच के छात्र भी निकट भविष्य में अद्भुत परिणाम हासिल करेंगे। बता दें पांच पाठ्यक्रमों के साथ-साथ अंग्रेजी व हिंदी पत्रकारिता, डिजिटल मीडिया, रेडियो और टीवी पत्रकारिता, विज्ञापन और जनसंपर्क में पीजी डिप्लोमा चार भाषाओं मराठी, मलयालम, उड़ीया और उर्दू पत्रकारिता पाठ्यक्रम भी विभिन्न परिसरों में पढ़ाए जाते हैं।