बर्फबारी के दौरान पुलिस के जवान सराहनीय कार्य कर रहे हैं। साथ ही पाकिस्तान की ओर से माहौल खराब करने की कोशिश को भी पुलिस बल नाकाम कर रहे हैं। यह बात डीजीपी दिलबाग सिंह ने कश्मीर जोन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक में कही। उन्होंने कहा कि अनुकूल माहौल बनाने के लिए पुलिस बल को अतिरिक्त प्रयास करने होंगे। पुलिस और जवान विभिन्न स्थानों पर बर्फ के दौरान लोगों को वहां से निकालने में सहायता के अलावा आपातकालीन सेवाएं भी दे रहे हैं।
डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए अधिक अनुकूल माहौल बनाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करें। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में बहुत से अच्छे काम हुए हैं, लेकिन निकट भविष्य में बहुत कुछ किया जाना बाकी है। डीजीपी ने विभिन्न मोर्चों पर पिछले वर्ष के दौरान किए गए सराहनीय कार्यों के लिए अधिकारियों को बधाई दी। राजमार्ग सुरक्षा ग्रिड को मजबूत करने पर जोर दिया और कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर आगे की तैनाती के लिए सीसीटीवी और अन्य गैजेट्स के साथ मोबाइल गश्ती वाहन कश्मीर क्षेत्र को प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि ये वाहन स्थानीय पुलिस की क्षमताओं को बढ़ाएंगे, ताकि राजमार्ग पर किसी भी आकस्मिक स्थिति का बेहतर ढंग से जवाब दिया जा सके। इस मौके पर आईजीपी विजय कुमार ने भी सुरक्षा पर जानकारी दी।