जम्मू-कश्मीर पुलिस के मुखिया दिलबाग सिंह ने कहा कि दहशतगर्द जम्मू-कश्मीर में शांति भंग करना चाहते हैं। अधिकारियों को ऐसे तत्वों पर विशेष नजर रखनी चाहिए।
साथ ही नशा तस्करी से जुड़े ड्रग्स के खिलाफ लड़ाई जारी रखते हुए इससे संबंधित लोगों को अंदर करने को कहा। वह बुधवार को शोपियां और पुलवामा की सुरक्षा समीक्षा बैठक में बोल रहे थे।
डीजीपी ने कहा कि सुरक्षा बलों और पुलिस के कठिन परिश्रम और त्याग से जम्मू-कश्मीर में शांति स्थापित हुई है। लोगों की सुरक्षा हमारी प्रमुख चिंता है। शांति व्यवस्था के दुश्मन शांति को भंग करने के मौके की तलाश में हैं।
पुलिस और सहयोगी एजेंसियां लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करने में सफल रहीं हैं। बैठक में सीआरपीएफ के आईजी(ऑपरेशंस) राजेश कुमार और कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने दोनों जिलों की स्थिति से डीजीपी को अवगत कराया।