कश्मीर में आम लोगों को घरों से बाहर निकलने पर धमकाने वालों आतंकियों से पुलिस शीघ्र ही निपटा जाएगा। स्थानीय लोगों में विश्वास पैदा करने के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं साथ ही गश्त भी बढ़ा दी गई है। यह बात प्रदेश के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने यहां एक कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कही।
उन्होंने कहा कि पुलिस को इन धमकियों की जानकारी है और पिछले करीब एक महीने में कुछ आतंकियों को मार गिराया गया है, तथा घाटी में उनके हमदर्दों समेत दो दर्जन से अधिक से लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने पाकिस्तान के दुष्प्रचार पर ध्यान नहीं दिया और अशांति फैलाने की इस्लामाबाद की सोच को नाकाम कर दिया है।
डीजीपी ने कहा, हम जनता के साथ हैं और वे हमारे साथ हैं। हम उन्हें कोई नुकसान नहीं होने देंगे। सिंह ने कहा कि नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर बड़ी संख्या में आतंकी मौजूद हैं। हालांकि उन्होंने विश्वास जताया कि आतंकवाद निरोधक ग्रिड धमकी पर ध्यान देगी।
आतंकवादियों द्वारा बागवानों, दुकानदारों को धमकाने और उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले में मंगलवार को एक कार में आग लगाये जाने जैसी घटनाओं पर डीजीपी ने कहा, सोपोर में कल कार चालक की पिटाई के बाद कार को जलाने वाले दो आतंकवादियों की पहचान लश्करए-तयबा के सज्जाद तथा मुजफ्फर के रूप में की गयी है। हम बहुत जल्द उनसे निपट लेंगे।