रियासी। नगर के प्रसिद्ध श्री कालिका माता मंदिर के प्रवेश द्वार पर सोमवार रात को महामाई के 78वें विशाल जागरण का आयोजन किया गया। इसमें रातभर भक्त मां की भेंटों पर झूमते रहे। वहीं, कोविड-19 के दिशानिर्देशों का पालन किया गया। जागरण की शुरूआत भगवान श्री गणेश की वंदना के साथ हुई। इसके बाद गायक राजू विजयपुरिया, वर्षा जम्वाल और मोहित सूफी ने बारी-बारी से माता के दरबार में हाजिरी लगाई। इसके बाद उन्होंने हिंदी, पंजाबी और डोगरी में मां की भेंटें प्रस्तुत कर भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। पूर्व राज्यमंत्री अजय नंदा, पार्षद अमित शर्मा, वीरेंद्र शर्मा भी इस मौके पर मुख्य रूप से मौजूद रहे। जागरण का आयोजन समाज सेवक जगदीश चंद्र डोगरा उर्फ पोली की तरफ से करवाया गया था।