आरएस पुरा-जम्मू मार्ग पर मीरां साहिब बाजार में बढ़ रही दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
मीरां साहिब। आरएस पुरा-जम्मू सड़क मार्ग पर मीरां साहिब बाजार में दो सौ मीटर सड़क पर गड्ढे हो जाने से आए दिन जाम लगता है। इससे चालक और दुकानदारों को भारी दिक्कत होती है। हालत यह है कि जाम लगने पर पैदल यात्रियों का भी वहां से निकल पाना मुश्किल हो जाता है।
थोडू राम चौधरी ने बताया कि सड़क निर्माण करने के बाद दोनों ओर नालियों का निर्माण नहीं किया गया, इसलिए सड़क पर पानी जमा हो जाता है। इससे सड़क टूट जाती है और जाम लगता है। कभी-कभी दुर्घटनाएं भी होती हैं। अजीत सिंह ने कहा कि सड़क का दोहरीकरण करने के वर्षों बाद भी पीडब्ल्यूडी ने मध्य में डिवाइडर नहीं बनाए। जलनिकासी का प्रबंध भी नहीं किया। पहले पीडब्ल्यूडी आरएस पुरा के अधीन था। अब मीरां साहिब क्षेत्र सतवारी में चले जाने पर विभागीय अधिकारी सड़क की हालत में सुधार नहीं कर रहे। जेके पीपल सेकुलर फोरम के प्रधान कुंदन लाल शर्मा का कहना है कि इस सड़क मार्ग से पर्यटक भारत-पाकिस्तान सीमा देखने जाते हैं। वे भी परेशान होते हैं। इस विषय में एसडीएम आरएस पुरा सीमा परिहार ने कहा कि पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन को लिखित में भेज समाधान कराया जाएगा।