फिक्की ने किया सम्मानित, नई दिल्ली में नायला जहूर प्राप्त किया पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। खेलों को बढ़ावा देने और खेल सुविधाओं को मजबूत बनाने के प्रयासों के लिए जम्मू-कश्मीर को प्रतिष्ठित इंडिया स्पोर्ट्स अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया है। फिक्की की जूरी ने जम्मू-कश्मीर को बेस्ट स्टेट/यूटी प्रमोटिंग स्पोर्ट्स श्रेणी में इस पुरस्कार के लिए चुना है। यह सम्मान केंद्र शासित प्रदेश में खेलों के विकास और युवाओं को खेलों से जोड़ने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए दिया गया है।
इस उपलब्धि से जम्मू-कश्मीर का नाम देश के उन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में शामिल हो गया है, जो खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। सरकार की ओर से खेल मैदानों और अन्य सुविधाओं का विकास करने, निचले स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर देने के प्रयासों को इस सम्मान का आधार माना गया है।
इस पुरस्कार से खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संगठनों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इससे प्रदेश के युवाओं को खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की प्रेरणा मिलेगी।
20 नवंबर को नई दिल्ली स्थित फिक्की फेडरेशन हाउस में आयोजित समारोह में यूथ सर्विसेज एंड स्पोर्ट्स विभाग की निदेशक वित्त नायला जहूर ने जम्मू-कश्मीर सरकार की ओर से यह पुरस्कार प्राप्त किया। यह समारोह फिक्की टर्फ 2026 के 16वें ग्लोबल स्पोर्ट्स समिट के तहत आयोजित किया गया।