संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। सतवारी चौक स्थित नई बस्ती में फ्लाईओवर निर्माण के चलते हटाई गई दुकानों से प्रभावित कारोबारियों के पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नगर निगम ने शनिवार को भगवती नगर में 36 नई दुकानों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
शिलान्यास विधायक अरविंद गुप्ता, विधायक विक्रम रंधावा और डॉ. नरेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से किया। डीसी डॉ. राकेश मिन्हास और नगर आयुक्त डॉ. देवांश यादव भी मौजूद रहे। नगर निगम के अनुसार, नई बस्ती में हटाई गई दुकानों में प्रभावित दुकानदार निगम की ओर से आवंटित परिसरों में कारोबार कर रहे थे और नियमित रूप से किराया जमा करा रहे थे। फ्लाईओवर निर्माण के लिए व्यावसायिक प्रतिष्ठान हटाए जाने के बाद उनके सामने दोबारा कारोबार शुरू करने के लिए जगह का संकट खड़ा हो गया था। भगवती नगर में पुनर्वास के लिए नया शॉपिंग कॉम्प्लेक्स विकसित किया जा रहा है। परियोजना के तहत 8×10 फीट आकार की 36 दुकानें बनाई जाएंगी। दुकानों के सामने पार्किंग के साथ दुकानदारों और आम लोगों के लिए शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
नगर आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने बताया कि पुनर्वास परियोजना के लिए भूमि जम्मू जिला प्रशासन ने जेएमसी को सौंप दी है। जल्द निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहरी विकास के साथ प्रभावित कारोबारियों की आजीविका का भी ध्यान रखा जा रहा है।