प्रत्येक परियोजना के लिए 200 से अधिक कनाल भूमि की मांग
200 से 3000 तक रोजगार सृजन की क्षमता, 135 से 3300 करोड़ के निवेश प्रस्ताव
नई इकाइयों को तीन वर्ष में उत्पादन शुरू करना होगा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू संभाग में बागथली (कठुआ) को औद्योगिक हब बनाने की तैयारी की जा रही है। नई औद्योगिक संपदाओं के लिहाज से इसी क्षेत्र में सबसे अधिक निवेश की संभावना है। अपेक्स स्तरीय भूमि आवंटन समिति (एएलएलएसी) की ओर से बागथली के लिए 22 परियोजनाओं की मेरिट सूची जारी की गई है। इसमें इसमें 135 से 3300 से अधिक करोड़ तक के निवेश का प्रस्ताव दिया गया है। इन प्रत्येक परियोजनाओं में 200 से अधिक कनाल भूमि की मांग की गई है, जिसमें 200 से 3000 तक रोजगार सृजन की क्षमता बताई गई है।
मेरिट सूची जारी होने के बाद तय शर्तों को पूरा करने के बाद निवेशकों को बागथली में भूमि अलाॅट की जाएगी। जिसमें तीन वर्ष के भीतर उन्हें उत्पादन शुरू करना होगा। मेरिट के लिए निवेश (50), रोजगार (40) और प्रदूषण श्रेणी (10) अंक रखे गए हैं। मेरिट सूची में आरएसडब्ल्यूएम लिमिटेड जम्मू को पहला स्थान मिला है। इकाई की ओर से 279 कनाल भूमि की मांग, 729.6 करोड़ रुपये के निवेश और 3000 रोजगार सृजन की क्षमता दिखाई गई है। इसी तरह पर बड़े निवेशकों में एम/एस ग्रीयू एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड यूनिट-2 की ओर से 2134.52 करोड़ रुपये का निवेश, 430 कनाल और 1950 रोजगार का प्रस्ताव दिया गया है। एम/एस वरुण वीवरेजेस लिमिटेड यूनिट-2 की ओर से 3393.9 करोड़ रुपये का निवेश, 700 कनाल भूमि और 600 रोजगार सृजन का प्रस्ताव दिया गया है। एम/एस धुनेसरी अलु फाॅयल्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से 569.5 करोड़ रुपये का निवेश, 210 कनाल भूमि और 1575 रोजगार की क्षमता दिखाई गई है। एम/एस सिनटेक्स एडवांस प्लास्टिक लिमिटेड की ओर से 841.52 करोड़ रुपये का निवेश, 280 भूमि की मांग और 750 रोजगार सृजन की क्षमता दिखाई गई है। इसी तरह एम/एस जूप्टिर एलुमिनियम इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से 781.57 करोड़ रुपये के निवेश, 280 कनाल भूमि और 700 रोजगार सृजन का प्रस्ताव दिया गया है। एम/एस पिकासो फ्लेक्सिबल लिमिटेड की ओर से 882.4 करोड़ रुपये के निवेश के साथ 220 कनाल भूमि और 1100 रोजगार की क्षमता का प्रस्ताव दिया गया है। इन परियोजनाओं में रिसाइकलेड रिपेट हाई टेनिसिटी फाइबर, रीपेट फ्लेक्स, सोलर सेल्स, सोलर वफर, एलुमिनियम फाॅयल स्टाक, क्लोजर स्टाक, एसी फिन्स, बीओपीपी, स्नेक्स, नमकीन आदि, साफ्ट ड्रिंक्स, पेपर स्ट्रा, प्लास्टिक पैकेजिंग प्रोडक्ट, प्रेशर सेंसिटिव,रिसाइकल पेट, सोलर पावर आदि का उत्पादन किया जाएगा। उद्योग विभाग के एकल खिड़की पोर्टल पर 313408 निवेशकों को पंजीकृत किया जा चुका है और 445450 आवेदन आए हैं। प्रशासनिक परिषद की ओर से हाल ही में बागथली कठुआ में 2949 कनाल राज्य भूमि पर 83.13 करोड़ रुपये से नई औद्योगिक संपदा के विस्तार को मंजूरी दी गई। इसमें 4599.89 करोड़ रुपये के निवेश को आकर्षित करने के साथ करीब 8278 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
-
पंजीकरण अवधि बढ़ाने की मांग
जम्मू कश्मीर की केंद्रीय औद्योगिक नीति के तहत सितंबर 2024 तक पंजीकृत होने वाले निवेशकों को ही नीति में प्रोत्साहन का लाभ देने का प्रावधान है। देश विदेश से निवेशकों की ओर से पंजीकरण अवधि और पैकेज को बढ़ाने की मांग की जा रही है। उद्योग विभाग के पास निवेशकों की ओर से पंजीकरण अवधि को बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।