जम्मू-कश्मीर व हिमाचल के छह स्टेशनों पर खानपान यूनिट के लिए मंजूरी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए उत्तर रेलवे ने जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के छह रेलवे स्टेशनों पर खानपान स्टॉल आवंटित किए हैं। आवंटनों का मूल्य 24.72 लाख से अधिक है। इन स्टेशनों में कुछ ऐसे भी हैं, जहां पहली बार खानपान यूनिट की निविदा सफल रही है।
जम्मू रेलवे मंडल के अधीन आने वाले मुकेरियां रेलवे स्टेशन पर एक स्टॉल का आवंटन पहले वर्ष के लिए 1,32,555 की दर से किया गया है। पांच वर्षों के अग्रिम अनुबंध का कुल मूल्य 7,82,047.50 निर्धारित हुआ है। कश्मीर के बडगाम रेलवे स्टेशन पर 90,555 की वार्षिक दर से स्टॉल आवंटित किया गया। इसका कुल अनुबंध मूल्य 5,34,274.50 है। जम्मू के बाड़ी ब्राह्मणा स्टेशन पर 49,600 वार्षिक दर से स्टॉल का आवंटन हुआ है, जिसकी कुल कीमत 2,92,640 है। लंबे समय से प्रयासों के बाद इस स्टेशन पर पहली बार सफल टेंडर आवंटित हुआ है। हिमाचल प्रदेश के तीन स्टेशन गुलेर, नगरोटा सूरियां और नूरपुर पर भी खानपान इकाइयों का पहली बार आवंटन हुआ है। गुलेर में 49,980 की वार्षिक दर से कुल 2,94,882 रुपये। नगरोटा सूरियां में 47,786 की वार्षिक दर से कुल 2,81,937 रुपये का अनुबंध हुआ है। नूरपुर स्टेशन पर 48,555 वार्षिक दर से कुल 2,94,882 (पांच साल के लिए) का अनुबंध तय हुआ है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन आवंटनों से यात्रियों को स्टेशनों पर ताजा व गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सकेगी। स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।