-उत्तर रेलवे महाप्रबंधक ने कटड़ा से चिनाब पुल तक का किया निरीक्षण
-कटड़ा में श्राइन बोर्ड के स्टेडियम में हो सकता है कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 फरवरी को कटड़ा-श्रीनगर के बीच सीधी विशेष वंदेभारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना कर सकते हैं। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड स्टेडियम में मुख्य कार्यक्रम हो सकता है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
पीएम के कार्यक्रम के मद्देनजर मंगलवार को उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने कटड़ा से चिनाब पुल तक का निरीक्षण किया। उन्होंने कटड़ा में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड स्टेडियम का दौरा किया। प्रधानमंत्री स्टेडियम में लोगों को संबोधित करेंगे। उद्घाटन के साथ ही कश्मीर का पूरे देश से रेल संपर्क हो जाएगा। बरसों का सपना हकीकत में बदल जाएगा।
242 किमी लंबी उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना में कटड़ा-बनिहाल के बीच 111 किलोमीटर खंड का निर्माण कार्य पिछले साल दिसंबर पूरा हुआ। रेलवे कटड़ा से श्रीनगर के बीच वंदेभारत के साथ ही मालगाड़ी का भी सफल ट्रायल कर चुका है। अब सिर्फ हरी झंडी दिखाई जानी बाकी है। कटड़ा से बनिहाल के बीच ट्रेन दो बड़े पुलों और 50 टनल से होकर गुजरेगी।
ऐसे सपनों ने लिया आकार
यूएसबीआरएल परियोजना की शुरुआत 1994 में हुई थी। 1999 में कटड़ा से बारामुला तक 247 किलोमीटर की दूरी को मंजूरी मिली। 2002 में इसे राष्ट्रीय परियोजना घोषित किया गया। बारामुला से काजीगुंड तक 118 किलोमीटर लंबे खंड का काम 2009 तक पूरा हो गया। बनिहाल से संगलदान (48 किलोमीटर) तक का खंड फरवरी 2024 में चालू हुआ। इसके बाद बचे 63 किमी का काम पूरा होने पर रेलवे सुरक्षा आयुक्त ने हरी झंडी दे दी है।