रामगढ़। क्षेत्र के सीमावर्ती गांव नंदपुर पंचायत चक नाजर में वीरवार को डीडीसी अध्यक्ष केशव दत्त शर्मा, बीडीसी अध्यक्ष दर्शन चौधरी और सरपंच राज कुमारी ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मिलकर सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में इमारत का निर्माण शुरू करवाया।
इस स्कूल की इमारत के निर्माण पर 50 लाख की लागत आएगी। कार्य शुरू करवाते हुए डीडीसी अध्यक्ष और बीडीसी अध्यक्ष ने कहा कि इमारत के बनने के बाद विद्यार्थियों को पहले से ज्यादा सुविधा मिलेगी, और नंदपुर हाई सेकेंडरी स्कूल का भी विकास होगा। रामगढ़ ब्लॉक की हर पंचायत का एक समान विकास प्राथमिकता है। विकास कार्यों के लिए जो भी धनराशि मंजूर होगी, उसे सभी 18 पंचायतों में बराबर बांट कर काम करवाए जाएंगे। शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र पर ज्यादा ध्यान दिया जाएगा।
इस अवसर पर नायब सरपंच मीना देवी, पंच यशपाल मल्होत्रा, पंच कर्नल सिंह, भाजपा नेता डॉ. बूटी राम भगत, विजय चौधरी, अन्य पंचायत प्रतिनिधि, स्कूल के प्रधानाचार्य, स्कूल का स्टाफ, आदि लोग मौजूद थे।