जम्मू। मुख्य शिक्षा अधिकारी जम्मू से जुड़ी हर जानकारी अब एक क्लिक पर मिलेगी। बुधवार को सीईओ जम्मू कार्यालय की अधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया गया। स्कूल शिक्षा निदेशक डॉ. रवि शंकर शर्मा ने वेबसाइट को लांच किया। वेबसाइट पर छात्रों को स्कूल, छात्रवृत्ति सहित शिक्षा विभाग की अन्य जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध होगी। वेबसाइट पर जम्मू जिले के स्कूलों की संख्या, जोनल शिक्षा अधिकारियों, हायर सेंकेंडरी प्रिंसिपल और हाई स्कूलों के हैडमास्टर की संपर्क सहित अन्य जानकारी ऑनलाइन मिलेगी। जम्मू संभाग के दस जिलों में जम्मू एकमात्र जिला है, जहां मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय की वेबसाइट है। सीईओ जम्मू सूरज राठौड़ ने कहा कि वेबसाइट पर स्कूल शिक्षा विभाग, निदेशालय और सीईओ जम्मू के जरूरी निर्देश, अधिसूचना और छात्रों के लिए शुरू की गई योजनाओं की जानकारी उपलब्ध होगी। इसके साथ अधिकारियों के संपर्क नंबर से अधिकारियों की जवाबदेही बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि कोविड के समय में स्कूलों से संबंधित जानकारी छात्रों तक आसानी से पहुंच सकेगी।