जम्मू। नगर निगम ने नालों में बरसात का पानी ओवरफ्लो होने वाली जगहों पर मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया है। तीनों जोन में आने वाले चार नाले कृष्णा नगर, पूर्ण नगर, कालिका कॉलोनी, नानक नगर समेत अन्य जगहों में चिह्नित जगहों में सफाई की जा रही है। इन स्थानों पर सुरक्षा दीवार भी लगाई जाएगी।
हर बार बरसात में नाले उफान पर रहते हैं। इस कारण इनका पानी लोगों के घरों में घुस जाता है। नानक नगर के नाले का पानी कई बार मोहल्लों में भी पहुंच गया है। इससे हर साल करोड़ों रुपये का नुकसान होता है। बीते साल भी कालिका कॉलोनी के नाले ने खूब कहर बरपाया था। पानी घरों में जा घुसा था। कुछ जगहों में घरों की दीवार तक नाले में बह गई। कुछ के पिल्लर भी गिरने की कगार पर पहुंच गए थे। कृष्णा नगर नाले का पानी भी घरों में घुसा था। अब इन तमाम नालों की सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। इसे जून माह तक पूरा किया जाना है। समय पर सफाई हो जाने से बरसात में नाले मुसीबत नहीं बनेंगे।
-------
तीनों जोन में नालों की सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। ऐसी जगहों को चिह्नित किया गया है, जहां पर पानी ओवरफ्लो होता है। यहां पर डंगे भी लगाए जाएंगे।
- हरिंद्र सिंह, मुख्य ट्रांसपोर्ट अधिकारी, नगर निगम