जम्मू। श्री अमरनाथ यात्रा 2021 में इस बार शिव भक्तों को बैटरी कार के साथ श्रीनगर से बालटाल तक के लिए हेलिकॉप्टर सेवा भी मिल सकती है। इसके लिए श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने श्रीनगर जिला उपायुक्त को हेलीपैड की जगह की तलाश के लिए लिखा है। अधिकतर यह संभावना है कि श्रीनगर के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से ही इस सुविधा को शुरू किया जाए।
बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि बोर्ड यात्रियों को हेलिकॉप्टर सुविधा देने के पूरे प्रयास कर रहा है। हेलीपैड की जगह की तलाश होते ही निविदाएं जारी की जाएंगी। जरूरतमंद यात्रियों के लिए श्रीनगर से हेलिकॉप्टर सुविधा कारगर साबित होगी।
बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि बैटरी कार के साथ इस बार श्रीनगर से बालटाल के लिए हेलिकॉप्टर सुविधा शुरू की जा रही है। कोविड संकट के बीच अमरनाथ यात्रा की तैयारियां तेज की गई हैं। यात्रा के लिए आने वाले यात्रियों के लिए अलग से कोविड प्रोटोकॉल जारी किया जाएगा। बोर्ड ने दोनों संभागीय प्रशासनों को यात्रा के लिए बुनियादी ढांचे को तैयार करने के निर्देश दिए हैं। बालटाल से पवित्र गुफा तक की सड़क मार्ग से दूरी 9.4 और पहलगाम से 28.2 किमी. है। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु बालटाल से हेलिकॉप्टर सेवा से एक ही दिन में दर्शन करके लौट जाते हैं। बोर्ड की ओर से देशभर में 446 बैंक शाखाओं की सूची भी जारी की गई है, जिसमें एक अप्रैल से यात्री अग्रिम पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी यात्रा के लिए तैयारियां की जा रही हैं।