नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद आरिफ ने उपराज्यपाल से की मुलाकात
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। नगर परिषद राजोेरी के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद आरिफ ने मंगलवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की। उन्होंने राजोरी और पुंछ जिलों के आम लोगों से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की। आरिफ ने कनेक्टिविटी बेहतर बनाने, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और पीर पंजाल क्षेत्र में आर्थिक गतिविधि को बढ़ावा देने के लिए जम्मू-पुंछ हाईवे को फोरलेन बनाने की मांग की। उन्होंने बाबा गुलाम शाह बादशाह यूनिवर्सिटी को केंद्रीय या आदिवासी विश्वविद्यालयों की सूची में शामिल करने की भी वकालत की। मुगल रोड टनल के जल्द निर्माण का मुद्दा उठाया जिसमें कश्मीर घाटी और पीर पंजाल क्षेत्र के बीच हर मौसम में कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। उन्होंने स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने और बढ़ती बेरोजगारी को दूर करने के स्थायी तरीके के तौर पर पीर पंजाल क्षेत्रों में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की मांग की। पूर्व अध्यक्ष ने राजोेरी-पुंछ में बुनियादी नागरिक और सामाजिक समस्याओं के बारे में बताया। मोहम्मद आरिफ ने उम्मीद जताई कि इन मुद्दों पर उचित ध्यान दिया जाएगा। क्षेत्र के कल्याण और विकास के लिए ठोस नीतिगत और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।