अदालत ने संपत्ति विवाद का किया निपटारा
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। अतिरिक्त मुंसिफ/न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सांबा की अदालत ने उत्तराधिकार से जुड़े एक सिविल वाद में अहम फैसला सुनाते हुए विक्रांत देव सिंह को दिवंगत युवराज सिंह का वैध कानूनी उत्तराधिकारी घोषित किया है। युवराज सिंह निवासी मंडी पशवाली, सांबा का 19 अप्रैल 2024 को निधन हो गया था। अदालत के समक्ष वादी विक्रांत देव सिंह ने दावा किया था कि वह दिवंगत युवराज सिंह का भतीजा होने के साथ-साथ उनका दत्तक पुत्र भी है। लंबे समय से उनकी देखभाल करता रहा है। मामले में मृत्यु प्रमाणपत्र, वसीयत, शपथ पत्र, समाचार पत्रों में प्रकाशित सार्वजनिक नोटिस तथा गवाहों के बयान अदालत में पेश किए गए। रिकॉर्ड के अनुसार युवराज सिंह ने अपने जीवनकाल में वादी के पक्ष में विधिवत वसीयत निष्पादित की थी। कोर्ट ने यह भी नोट किया कि सार्वजनिक नोटिस जारी होने के बावजूद किसी भी व्यक्ति ने वादी के दावे पर कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई। राजस्व अधिकारियों की ओर से उत्तराधिकार को लेकर आपत्ति जताए जाने के बाद वादी को न्यायालय की शरण लेनी पड़ी थी।
सभी तथ्यों और साक्ष्यों पर विचार करते हुए अदालत ने विक्रांत देव सिंह के पक्ष में डिक्री पारित की और उसे दिवंगत युवराज सिंह की समस्त अचल संपत्ति का वैध उत्तराधिकारी घोषित किया। अदालत ने स्पष्ट किया कि यह डिक्री केवल वाद से संबंधित पक्षों पर ही लागू होगी और किसी तीसरे पक्ष के वैधानिक अधिकारों को प्रभावित नहीं करेगी। मामले में किसी प्रकार की लागत नहीं लगाई गई।