मुंबई से आये शंकर के अनुसार हमें यहां अच्छा पब्लिक सपोर्ट मिल रहा है। यहां किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है। हैदराबाद से आये एक अन्य पर्यटक ने कहा कि यहां सब कुछ सामान्य है। हम अपने पूरे परिवार के साथ घूमने आये हैं। बंगलूरू से घूमने आये रवि ने बताया कि यहां लोग काफी अच्छे हैं और हमें ड्राइवर से पता चला कि यहां बंद है, उसके पहले तक हमें सब सामान्य लग रहा था।
अगर पिछले दो दिनों की बात करें तो कश्मीर का ताज कहलाये जाने वाले गुलमर्ग और वर्तमान में पर्यटकों का आकर्षण का केंद्र बने ट्यूलिप गार्डन में पर्यटकों से खचाखच भीड़ देखने को मिल रहा है। गुलमर्ग और ट्यूलिप गार्डन में करीब10-10 हजार पर्यटन इन बीते दो दिनों में यहां घूमने पहुंच चुके हैं।
पर्यटन विभाग के निदेशक महमूद शाह ने अमर उजाला को बताया कि पिछले दो दिनों में काफी संख्या में पर्यटकों ने गुलमर्ग का रुख किया है। इसमें से 2100 ने मंगलवार जबकि 1950 ने बुधवार को गंडोला केबल कार का आनंद लिया है। ट्यूलिप गार्डन में भी इन दो दिनों में 5-5 हजार पर्यटक रंगबिरंगे ट्यूलिप के फूलों का लुत्फ उठा चुके हैं। उन्होंने बताया कि 25 मार्च से अब तक ट्यूलिप गार्डन घूमने पहुंच चुके पर्यटकों की संख्या 80,000 पहुंच चुकी है।