डेंटल सर्जनों ने मांगों के लिए वीरवार को सिविल सचिवालय के सामने से डीसी कार्यालय तक रैली निकाल विरोध जताया। सड़क पर उतरे डेंटल सर्जनों ने आरोप लगाया कि उनकी मांगों को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। आज डिग्रियां लेकर भी डाक्टरों को रोजगार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। इस दौरान भारी सुरक्षा बल तैनात किए गए थे। इस बीच अंबफला चौक पर क्रमिक भूख हड़ताल जारी रही।
डेंटल सर्जनों ने दोपहर को सिविल सचिवालय के पास रणवीरेश्वर मंदिर के बाहर से रैली शुरू की, जो इंदिरा चौक, रघुनाथ मंदिर, रेजीडेंसी रोड से होती हुई डीसी कार्यालय तक पहुंची। डेंटल सर्जनों ने आरोप लगाया कि वे पिछले एक माह से आंदोलन कर रहे हैं लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई है।
सरकार की ओर से कोई उचित आश्वासन नहीं दिया गया है और डेंटल सर्जनों को ठोस कदम उठाने के लिए मजबूर किया जा रहा है लेकिन अब अपने हक के लिए डेंटल सर्जन पीछे नहीं हटेंगे। इस दौरान डेंटल सर्जनों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।