कठुआ जिले में डेंगू का डंक सितंबर माह के आखिरी सप्ताह में भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को डेंगू के तीन नए मामले सामने आए हैं। इसके बाद जिले में डेंगू का डंक लगे मरीजों की संख्या दस पहुंच गई है। ताजा मामले घाटी, बसोहली और कठुआ शहर के शहीदी चौक के हैं। ऐसा तब है जब पिछले कई दिनों से स्वच्छता के नाम पर बड़े अभियान ग्रामीण, कस्बे और शहरी स्तर पर आयोजित किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि सितंबर की शुरुआत में कठुआ में डेंगू मामलों में इजाफा हुआ था। सीएमओ डॉ. अशोक चौधरी ने मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि ताजा मामले राजकीय मेडिकल कॉलेज कठुआ की लैब में जांच के दौरान सामने आए हैं। मरीजों का इलाज फिलहाल जारी है। डेंगू पॉजिटिव पाए गए मरीजों के घरों के आसपास स्प्रे करने के लिए मलेरिया विंग की टीमों को निर्देश दिए हैं, जो शुक्रवार को कार्रवाई पूरी करेंगी। इसके साथ ही उन्हें ग्रामीणों को जागरूक करने को भी कहा गया है।
वहीं सांबा जिले में मंडी कैली में भी डेंगू के डंक का मामला सामने आया। गुरुवार तक तीन मामले पाजिटिव पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने मोहल्ले में पहुंच कर दवा का छिड़काव किया। कोटली मंडी वार्ड चार की पार्षद इंदु संब्याल ने बताया कि उनके आस पड़ोस में ही तीन मरीज डेंगू के पाजिटिव पाए गए हैं। ऐसे में पाजिटिव मामलों में बढ़ोतरी भी हो सकती है। इसके लिए विभाग की ओर से पहले से ही कोई उचित कदम नहीं उठाया जाता है। जिस कारण सांबा जिले में डेंगू के अधिक मरीज सामने आ रहे हैं।
उधर, रख अंब टाली गांव में भी एक और डेंगू का संदिग्ध मामला सामने आया है। बता दें कि पहले से ही जिले में कुल 26 मामले पाजिटिव पाए गए थे। चार और मामले आने से संख्या तीस हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जहां से भी उन्हें डेंगू के पाजिटिव मामले का पता चलता है, वहां पर दवा का छिड़कने कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि मच्छरों को पनपने ना दें।