जम्मू। नगर निगम ने भी शहर में डेंगू को लेकर लोगों में जागरूकता लाने और इसकी रोकथाम पर जरूरी निर्देश दिए हैं। वीरवार को डिप्टी मेयर बलदेव सिंह ने नगर निगम की हेल्थ एंड सैनिटेशन कमेटी के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें उन्हें निर्देश दिया गया कि सफाई कर्मी शहर में लोगों के घर-घर पहुंचे और लोगों को सफाई करने और घरों में पानी जमा न होने देने को लेकर जागरूक करें। इसमें सुपरवाइजर कर्मियों के साथ रहें।
बैठक में बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग की मलेरिया विंग डेंगू को लेकर फॉगिंग कर रही है। बलदेव ने कहा कि उक्त विंग तो अपना काम कर रहा है। लेकिन हमारा दायित्व भी बनता है कि डेंगू को लेकर लोगों को जागरूक करें। साथ ही जिन इलाकों में अभी फॉगिंग नहीं हुई है। वहां पर फॉगिंग करें, ताकि इसको फैलने से रोका जाए। डिप्टी मेयर ने कर्मियों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करें।