संवाद न्यूज एजेंसी
मीरां साहिब। गंडे गांव में दो कनाल छह मरला भूमि पर औकाफ का बोर्ड लगाए जाने पर ग्रामीणों ने मीरां साहिब थाने के बाहर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त स्थान शिशु समाधि की भूमि है, जो कई वर्षों से खाली पड़ी है। चार दिन पहले उक्त स्थान पर औकाफ विभाग की ओर से बोर्ड लगाया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि विशेष समुदाय के कुछ लोग विभाग से मिलकर इस भूमि पर अपना हक जता रहे हैं, जबकि ऐसा नहीं है। विरोध प्रदर्शन में शामिल डीडीसी मीरां साहिब विद्या मोटन ने कहा कि औकाफ विभाग की ओर से मनमानी कर बोर्ड लगाने पर एसडीएम सीमा परिहार से उक्त बोर्ड को हटाने की मांग की गई थी, लेकिन उन्होंने कोई समाधान नहीं निकाला। अब प्रदर्शन के जरिये अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। इस बीच मामला बिगड़ता देख प्रशासन हरकत में आया और बोर्ड को हटा दिया। इसके बाद प्रदर्शन कर रहे लोग शांत हुए।
डीडीसी विद्या मोटन ने कहा कि जिन लोगों ने वहां पर बोर्ड लगाया और माहौल खराब करने का कार्य किया, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के पहले भूमि शिशु समाधि थी। आज भी है। अब इस भूमि पर औकाफ का बोर्ड लगाया जा रहा, जो गैरकानूनी है।