बिश्नाह नगरपालिका ने कांप्लेक्स बनाने के लिए की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। नगरपालिका बिश्नाह ने नपा कार्यालय के बाहर आवंटित की गई दुकानों पर भारी सुरक्षा के बीच कार्रवाई कर उन्हें ध्वस्त किया। कार्यालय के बाहर 7 दुकानें थीं, जिनमें से 3 दुकानदारों ने पहले से ही दुकानें खाली कर दी थीं। वहीं, चार दुकानदार नपा से दुकानें खाली करने का समय मांग रहे थे, जिसे लेकर दुकानदारों और नपा कर्मचारियों के बीच तीखी बहस हुई। मौके पर पहुंचे एसडीपीओ आरएस पुरा निखिल गोगना ने स्थिति को संभाला, और बिना शोर-शराबे के नपा ने दुकानों को तोड़ा।
आवंटित दुकानदारों और नपा के बीच यह विवाद महीनों से चल रहा था। इसमें नपा द्वारा पुराने नपा कार्यालय की जगह नया कांप्लेक्स बनाने का कार्य शुरू किया था। इसके तहत नपा ने पुराने कार्यालय को धराशायी किया। लेकिन, कार्यालय के बाहर आवंटित 4 दुकानों के दुकानदार दुकानें खाली करने के साथ नपा से नए कांप्लेक्स में बिना किसी लागत के स्थायी दुकानों की मांग कर रहे थे। लेकिन, नपा उन्हें कांप्लेक्स में निर्माण लागत पर दुकानें देने की बात कह रही थी। वीरवार को नपा पूरे पुलिस बल के साथ दुकानें तोड़ने पहुंची, जिसके चलते आवंटित दुकानों के दुकानदारों ने नपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नपा ने उन्हें दुकानों से सामान निकालने का समय तक नहीं दिया। दुकानें तोड़ने से पहले कोई जानकारी भी नहीं दी गई।
वहीं, मौके पर मौजूद नपा अधिकारियों ने दुकानदारों के सारे आरोपों को बेबुनियाद बताया। कहा कि दुकानदारों को दुकानें खाली करने के लिए तीन नोटिस दिए जा चुके हैं। फिर भी वे दुकानें खाली करने को तैयार नहीं थे। इसके चलते नपा को ठोस कदम उठाना पड़ा। दुकानदारों को पहले दिन ही बता दिया गया था कि उन्हें कांप्लेक्स में निर्माण लागत पर दुकानें आवंटित की जाएंगी। इसके बावजूद दुकानदारों ने नपा का सहयोग नहीं किया। इस कार्रवाई के दौरान नपा ईओ रंगीता शर्मा, बिश्नाह थाना प्रभारी विक्रम शर्मा, नपा उपाध्यक्ष रमेश लाल, आदि उपस्थित रहे।