अमर उजाला ब्यूरो जम्मू। शिवसेना बाला साहेब ठाकरे जम्मू-कश्मीर इकाई का कहना है कि मोबाइल पर इंटरनेट 4जी सेवा बहाल न करने पर सरकार का अड़ियल रवैया छात्रों को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर कर रहा है। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मनीश साहनी ने कहा कि आखिर कब तक सुरक्षा का हवाला देकर जम्मू-कश्मीर सरकार जनता को 4जी बहाली से दूर रखेगी। साहनी ने कहा कि उन्होंने जम्मू-कश्मीर सरकार की लचारता को समझते हुए देश के गृहमंत्री अमित शाह को जम्मू-कश्मीर में 4जी सेवा बहाली की लिखित गुहार लगाई है। इसी के साथ शिवसेना का कहना है कि करोना के प्रकोप एवं लॉकडाउन के कारण स्कूल , कालेज से लेकर देश-विदेश से उच्च शिक्षा लेने वाले जम्मू-कश्मीर के तमाम छात्र आज घर में इंटरनेट के जरिए पढ़ने को मजबूर हैं। ऐसे में 2जी सेवा उपलब्ध होने के कारण छात्रों को अपनी पढ़ाई जारी रखना बेहद मुश्किल साबित हो रहा है। यह छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। वहीं डॉक्टर, मरीज और आम जनता भी COVID -19 पर नवीनतम सूचनाओं, दिशानिर्देशों, सलाह, दैनिक अपडेट और प्रतिबंधों को जानकारी जुटाने में असमर्थ हो रही है।