रियासी। महाराजा हरि सिंह की जयंती पर 23 सितंबर को सरकारी अवकाश घोषित नहीं होने पर लोगों में काफी गुस्सा है। बुधवार को राजपूत सहित अन्य समुदाय के लोगों ने नगर और आसपास के क्षेत्रों में रोष रैली निकाल कर छुट्टी की मांग उठाई है।
बुधवार दोपहर को एक कार्यक्रम हुआ, जिसमें जम्मू सहित अन्य क्षेत्रों से आए लोगों ने हिस्सा लिया। इसके बाद रोष रैली निकाली गई जो नगर के मुख्य बस अड्डे पर स्थित जनरल जोरावर सिंह के प्रतिमा के पास पहुंची जहां पर फूल-मालाएं चढ़ा कर नारे लगाए गए। बाद में विभिन्न वाहनों में बैठ कर रैली को अलग-अलग क्षेत्रों से निकाला गया। केंबल डंगा में एक कार्यक्रम हुआ जहां वक्ताओं ने शासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। प्रशासन की तरफ से अभी तक इस के बारे में कोई बात नहीं की गई है।
प्रदेश में छुटटी किए जाने की मांग रखी जा रही है। हर वर्ग छुटटी की मांग कर रहा है। अधिकारियों को ज्ञापन पत्र भी सौंपे गए हैं, लेकिन आजतक मांग को पूरा करने का प्रयास नहीं हुआ है। इस दौरान लोगों ने छुट्टी की घोषणा नहीं होने पर पूर्ण बंद व हड़ताल कर सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी है।