श्री बाबा कैलख देव व परशुराम मंदिर को पर्यटन से जोड़ने की मांग
जम्मू। श्री बाबा कैलख देव, श्री शोवा माता एवं श्रीपरशुराम मंदिर को विश्व पर्यटन मानचित्र पर लाने की मांग उठ गई है। श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित शास्त्री की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने मांग संबंधी ज्ञापन पर्यटन विभाग के निदेशक विवेकानंद राय को सौंपा। महंत रोहित शास्त्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पर्यटकों को लुभाने के लिए कश्मीर की वादियों के साथ वैष्णो देवी धाम व अन्य स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर दर्शाया है, लेकिन श्री बाबा कैलख मंदिर ठठर बनतालाब जम्मू, श्री शोवा माता रांजन जंडियाल जम्मू एवं भगवान श्री परशुराम मंदिर अखनूर को जगह नहीं दी गई। ये भी जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध मंदिर हैं। यहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इसके बावजूद आज तक इन मंदिरों को विश्व पर्यटन से नहीं जोड़ा गया है। जिस कारण यहां के लोगों को रोजगार उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। ब्यूरो