-पीपल्स वेलफेयर कमेटी की सरकार से मांग-खौड़ में खोली जाए आईटीआई
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां। छंब विधानसभा क्षेत्र में आईटीआई कॉलेज न होने से क्षेत्र के युवा तकनीकि शिक्षा में पिछड़ रहे हैं। युवाओं के लिए 60 किलीमीटर दूर जम्मू में तकनीकी शिक्षा के लिए जाना मुश्किल है। इसलिए पीपल्स वेलफेयर कमेटी छंब ने सरकार से खौड़ में आईटीआई कॉलेज खोलने की मांग की है।
कमेटी के प्रधान सुखदेव सिंह ने बताया कि छंब क्षेत्र दूरदराज का है। जहां के युवा तकनीकी शिक्षा हासिल करने में पीछे रह रहे हैं। इलाके के लिए आईटीआई कॉलेज जरूरी है ताकि युवा तकनीकी शिक्षा हासिल कर स्वरोजगार अपना आत्मनिर्भर बन सकें। क्योंकि, सरकारी नौकरी नहीं मिलने से युवा पीढ़ी परेशान है और नशे जैसी बुरी आदतों की तरफ जा रही है। उन्होंने बताया कि कमेटी कॉलेज की मांग को लेकर 28 फरवरी 2020 को प्रिंसिपल सेक्रेटरी रेवेन्यू डॉ.पवन कोतवाल से भी मिली थी। 21 जनवरी 2020 को खौड़ दौरे पर आए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से भी मांग की थी। उन्होंने आश्वासन दिया था कि जल्द मांग पूरी करेंगे लेकिन, बाद में कुछ नहीं किया गया।
सुखदेव सिंह ने बताया कि तकनीकी शिक्षा के लिए युवाओं को 60 किलोमीटर दूर जम्मू आईटीआई कॉलेज जाना पड़ता है। इससे समय आने जाने में ही निकल जाता है। महंगाई और बस किराया नहीं दे पाने से युवा तकनीकी शिक्षा हासिल नहीं कर पा रहे हैं।
आईटीआई खुलने से युवाओं का संवरेगे भविष्य
युवा अरुण सिंह, नितिन चौधरी और अभी चौधरी ने बताया कि खौड़ में आईटीआई कॉलेज खोल दिया जाए तो युवाओं का भविष्य संवर सकता है। उन्होंने बताया कि 2014 से पहले कांग्रेस सरकार के दौरान क्षेत्र में आईटीआई कॉलेज खोलने की प्रक्रिया चली थी, लेकिन बाद में भाजपा सरकार में इस पर गौर नहीं किया गया। इस मौके पर सेवानिवृत्त जेडईओ बाबू राम, सेवानिवृत्त हेडमास्टर प्रेम पाल, शंकार चंद, मुल्ख राज सहित अन्य लोग मौजूद थे।