उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के उड़ी इलाके में सेना ने आठ साल बाद नियंत्रण रेखा के पास स्थित गोवालता गांव के लिए सड़क का निर्माण शुरू कर दिया है। वर्ष 2014 में इस इलाके में आई बाढ़ में यह सड़क नष्ट हो गई थी। इस पहल के बाद लोगों को विश्वास है कि इसका निर्माण शीघ्र पूरा हो जाएगा।
लोगों ने बताया कि एलओसी के नजदीक होने के कारण गोवालता गांव के अलावा सामरिक दृष्टि से भी यह सड़क काफी महत्वपूर्ण थी। बाढ़ में सड़क क्षतिग्रस्त हो जाने के बाद लोगों ने प्रशासन से इसके निर्माण का अनुरोध किया।
हालांकि संबंधित अधिकारी अनुरोध के बावजूद इस सड़क को खोलने में विफल रहे। लोगों ने बताया कि वे पीएमजीएसवाई विभाग और अन्य लोगों से सड़क खोलने का अनुरोध कर रहे थे, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
सड़क बंद होने के कारण क्षेत्र की एक बड़ी आबादी तहसील मुख्यालय से कटी रही। अब जबकि मंगलवार को काम शुरू हो गया है, हमें उम्मीद है कि सेना की 12वीं इन्फैंट्री ब्रिगेड उड़ी जल्द से जल्द सड़क को पूरा करेगी।
तीन हजार की आबादी को मिलेगा फायदा
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस सड़क के बंद होने से तीन हजार लोगों का आवागमन पिछले आठ साल से प्रभावित हो रहा था। लोगों को वैकल्पिक रास्तों के रूप में कच्चे मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ रहा था।
सबसे ज्यादा परेशानी सर्दियों और बारिश के मौसम में होती थी। स्कूली बच्चों के अलावा बुजुर्गों व महिलाओं को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।