जम्मू। श्री माता वैष्णो देवी के पुराने मार्ग कोल कंडोली वाया जगदंबा रूट को विरासती ट्रैकिंग रूट बनाने की मांग की गई है ताकि धार्मिक पर्यटन को और बढ़ावा मिल सके। इसके साथ ही उत्तर वाहिनी-परमंडल-कटड़ा और जिया पोता-शिवखोड़ी और कटड़ा को श्रद्धालु पर्यटन सर्किट बनाने का मुद्दा उठाया गया। नेकां के संभागीय अध्यक्ष व पूर्व विधायक देवेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में शुक्रवार को नेकां प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन में उप राज्यपाल मनोज सिन्हा से मिलकर यह मांग रखी।
नेकां प्रतिनिधिमंडल ने जम्मू संभाग में पर्यटन को बढ़ावा देने खासतौर से सरूईंसर में पर्यटन विकास करने को कहा। जम्मू संभाग में प्राचीन मंदिरों, श्राइन और बावलियों का इंटैक के जरिये विकास करने पर भी बल दिया। नगरोटा क्षेत्र में विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बात करने के साथ ही गर्वनमेंट डिग्री कालेज के निर्माण के लिए भूमि की मंजूरी देने के लिए उपराज्यपाल का आभार जताया। प्रतिनिधिमंडल में नेकां के डीडीसी व बीडीसी सदस्य भी थे।
पूर्व मंत्री चौधरी सुखनंदन ने उपराज्यपाल से मुलाकात कर नहरों की साफ-सफाई के अलावा किसानों को समय पर खाद मुहैया करवाने और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की पर्याप्त आपूर्ति से संबंधित विषयों पर चर्चा की। उपराज्यपाल ने प्रतिनिधिमंडलों को आश्वासन दिया कि केंद्र शासित सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। जो सुझाव व सलाह दी गई कि उन पर गौर किया जाएगा और जरूरी कदम उठाए जाएंगे। इन्हें विकास प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।