धर्मनगरी कटड़ा तक ट्रेन के सफर का तोहफा जल्द ही लोगों को मिल सकता है। स्पेशल ट्रेन से उधमपुर से कटड़ा तक ट्रैक का बुधवार को तकरीबन चार घंटे बारीकी से निरीक्षण के बाद उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक प्रदीप कुमार ने संतुष्टि जताई है।
हालांकि, ट्रैक का उद्घाटन कब होगा, इस बारे में उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया है। 25 किलोमीटर लंबा यह रेलमार्ग उधमपुर बारामुला रेल लिंक प्रोजेक्ट के तहत तैयार कराया गया है।
दिल्ली से 15 बोगियों की विशेष रेलगाड़ी से रेलवे जीएम तकरीबन तीन सौ अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ रेलमार्ग का निरीक्षण करने पहुंचे थे।
उनकी टीम में इंजीनियरिंग विंग, कामर्शियल विंग, मेडिकल विंग सहित अन्य तकनीकी विभागों के एचओडी शामिल थे। उधमपुर पहुंचने के बाद इस स्पेशल ट्रेन को सुबह 9 बजकर 23 मिनट पर कटड़ा के लिए रवाना किया गया।
धर्मनगरी में यह ट्रेन दोपहर 12 बजकर 45 मिनट पर पहुंची। रेलवे जीएम सहित अन्य अधिकारियों ने हर बड़े पुल और टनल पर रुककर आधे-आधे घंटे तक जांच की। टीम ने ट्रैक, पुल और टनल के हर पहलू पर गौर किया।
यही नहीं, टीम ने ट्रालियों के साथ भी ट्रैक का दोबारा मुआयना किया। इस रेल मार्ग पर विद्युतीकरण को ध्यान में रखते हुए भी जांच की गई है।
उधर,कटड़ा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद रेलवे जीएम अधिकारियों के साथ सीधे ट्रैक की जांच करने पहुंच गए। पटरियों की हरेक चीज को उन्होंने बारीकी से जांचा। इसके बाद प्लेटफार्म पर पानी के इंतजाम देखे। वर्कशाप का निरीक्षण करने के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए।
रेलवे ट्रैक का निरीक्षण करने के बाद जीएम प्रदीप कुमार ने कहा कि उधमपुर-कटड़ा रेल लिंक पर हर पुल, टनल का बारीकी से निरीक्षण किया गया है। उनका यह दौरा मात्र ट्रैक के निरीक्षण को लेकर था।
वह अपने इस दौरे से अब तक संतुष्ट हैं। सबकुछ ठीक है। उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कटड़ा रेलवे ट्रैक का उद्घाटन करते हैं तो रेलवे के लिए यह सौभाग्य की बात होगी। हालांकि, उन्होंने उद्घाटन तिथि के बारे में कुछ भी जिक्र नहीं किया।
उन्होंने कहा कि ट्रैक का निरीक्षण कर लिया गया है। अब रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठकर समीक्षा की जाएगा।