सुंजवां सेना कैंप का रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने दौरा किया है। रक्षा मंत्री के हेलीकाप्टर ने जम्मू के सुंजवां आर्मी कैंप का पांच चक्कर लगाया। रक्षा मंत्री कैंप का हवाई दौरा करने के बाद ही कमांडरों के साथ पूरे आतंकी की हमले की समीक्षा कर सकती है। रक्षा मंत्री शाम के 6.30 पर एक प्रेस वार्ता करेंगी।
बता दें कि सुंजवां सेना के कैंप पर शनिवार को तीन फिदायीन आतंकियों ने हमला कर दिया था जिसमें अब तक पांच जवान समेत छह लोग शहीद हो गए हैं। इस हमले में जवानों के 11 परिजन भी घायल हुए हैं। माना जा रहा है केंद्र मंत्रालय की ओर से इस हमले को बेहद गंभीरता के साथ लिया जा रहा है।
कल सेना प्रमुख बिपिन रावत ने भी कैंप का हवाई दौरा कर स्थिति का जायजा लिया था। इस दौरान उन्होंने जवानों की कार्रवाई की भी तारीफ की थी। केंद्र की ओर से सुंजवां आतंकी हमले की जांच को एनआईए को सौंप दिया गया। रविवार को एनआईए की टीम ने भी कैंप का दौरा कर कुछ लोगों से पूछताछ की थी।
बता दें कि इस हमले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री राजनाथ सिंह पल पल की रिपोर्ट ले रहे हैं। गौरतलब है कि 55 घंटे हो जाने के बाद भी ऑपरेशन के खत्म होने की घोषणा नहीं की गई है। सैन्य सूत्रों के मुताबिक इस कैंप के जंगलों या किसी क्वार्रट के कमरे में एक आतंकी मौजूद है जिसकी तलाश की जा रही है। इसके साथ ही पूरे कैंप में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।