अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के जम्मू-सांबा दौरे को लेकर एलओसी और बॉर्डर से लेकर शहर तक सुरक्षा कड़ी कर दी है। हाईवे पर सुरक्षाबलों की विशेष तैनाती की है। राजनाथ 12 सितंबर को पहले सांबा के रामगढ़ में देवक पुल का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद आईआईटी नगरोटा (जम्मू) में सेना की तरफ से आयोजित नॉर्थ टेक प्रदर्शनी में हिस्सा लेंगे। दौरे को लेकर दोनों ही जिलों की पुलिस के आला अधिकारी लगातार प्रबंधों का जायजा ले रहे हैं। पुलिस और सेना की ओर से लखनपुर से जम्मू तक नेशनल हाईवे पर कड़ी निगरानी की जा रही है। बख्तरबंद वाहनों को तैनात किया है। दलों को लगातार गश्त करने के लिए कहा गया है।
रविवार को सांबा, जम्मू के साथ-साथ नेशनल हाईवे पर जगह-जगह वाहनों की तलाशी ली गई। इसके अलावा सांबा के सीमांत इलाकों में पुलिस और सेना ने मिलकर सर्च ऑपरेशन चलाया। एसएसपी जम्मू चंदन कोहली का कहना है - नगरोटा हाईवे और आईआईटी के पास सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। पुलिस और अर्धसैनिक बलों की जरूरी जगहों पर तैनाती की गई है।