संवाद न्यूज एजेंसी
दोमाना। कस्बे में छात्र को पीटने के बाद हाथ जलाने का मामला सामने आया है। घटना शनिवार रात की है, जब युवक जिम से घर लौट रहा था और रास्ते में उसे अगवा कर पीटा गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी कौन हैं, उसके बारे में अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
सरपंच पवन सलाथिया के अनुसार शनिवार रात 8 बजे के करीब दोमाना स्थित गुरुद्वारा के पास गांव के नौजवान का अपहरण हुआ था। पीड़ित जिम से घर लौट रहा था कि रास्ते में गाड़ी में आए बदमाशों ने उसे घेर लिया। मारपीट के बीच उसे जबरन गाड़ी में ले गए। इसके बाद उसका हाथ लकड़ी से जला दिया। किसी तरह छात्र आरोपियों के चंगुल से निकला और घर पहुंचा। परिवार की ओर से जानकारी मिलते ही अन्य लोगों के साथ उसके घर गए। जले हाथ देखकर मौके पर ही वार्ड-7 के गोकुलपुल मशीन के तरूण जंगराल को नजदीकी अस्पताल में लेकर गए। इससे पहले दोमाना थाने में पहुंचे। पुलिस ने 11वीं के छात्र का मेडिकल करवाया। सरपंच ने बताया कि गुरुद्वारा के निकट शाम को अकसर नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है और पहले भी पुलिस को इसकी शिकायत की थी। अगर पुलिस कार्रवाई करती तो यह घटना नहीं होती। वहीं, थाना दोमाना के एसएचओ कुनाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।