दिवाली में घरों और व्यापारिक संस्थानों को सजाने के लिए मुख्यत: गेंदा फूल का उपयोग होता है, लेकिन इस बार आस्ट्रेलिया और थाईलैंड के फूल लक्ष्मी पूजा के स्थल पर खुशबू बिखेरेंगे।
वैसे तो विदेशी फूल शहर के चुनिंदा स्थानों पर बिकते हैं, लेकिन इसके लिए लोगों ने पहले से आर्डर भी देने शुरू कर दिए हैं। जम्मू में इन दिनों देश की कुछ बड़ी फूल कंपनियां सप्लाई कर रही हैं।
औरंगाबाद की स्पाइस फ्लोरा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सुनील गोयल के अनुसार जम्मू शहर में फूलों की मार्केट में अच्छी ग्रोथ हुई है। वर्तमान में यहां 90 फीसदी गुलाब पूणे और बंगलूरू से आ रहा है।
इसके अलावा थाईलैंड के लोकप्रिय फूल एंथोरियम, आर्केड और ओरिएंटल लिली फूलों को शौकीनों को काफी भा रहे हैं। इसके अलावा आस्ट्रेलिया के बर्ड आफ पैराडाइज और हैलोगेनिया के फूल भी लोगों की पहली पसंद हैं।
शापर पैराडाइज के संचालक पृथ्वी कुमार ने बताया कि दिवाली में हिमाचल के गुलदावरी, देहरादून के कारनेशन और दिल्ली के रजनीगंधा की काफी मांग है। इसके अलावा सबसे ज्यादा बिकने वाला गेंदा फूल मुख्य रूप से कोलकाता से पहुंच रहा है।