फ्लाईओवर का काम खत्म हुए तीन वर्ष होने को, मलबा अभी तक नहीं हटाया
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। करोड़ों रुपये खर्च कर बस अड्डा बनाया गया था, ताकि जम्मू-कठुआ रूट की सुपरफास्ट बसों के अलावा अन्य संपर्क मार्गों के वाहन वहां खड़े हो सकें। इसके जरिये बाजारों व संपर्क मार्गों पर लगने वाले जाम से निजात देना भी था। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मुख्य बस अड्डा मलबे से भरा हुआ है, वहीं वाहन हाईवे के किनारों पर खड़े किए जा रहे हैं।
स्थानीय निवासी नीलम सिंह, कमल भटटी, अजय सिंह, मनोज कुमार ने कहा कि कस्बे में फ्लाईओवर का निर्माण कार्य जब शुरू किया जा रहा था, तो हाईवे के ठेकेदारों को मुख्य बस अड्डा किराये पर दिया गया था। सारा मलबा बस अड्डा में ही जमा किया गया। फ्लाईओवर का काम खत्म हुए तीन वर्ष होने को है, लेकिन मलबा अभी तक नहीं उठाया गया है। इस कारण यात्री बसें हाईवे के किनारों पर खड़ी रहती हैं। मार्ग के दोनों किनारों पर पहले से ही वाहनों की कतारें लगी रहती है। यात्री बसों के खड़े होने से जाम की स्थिति बनी रहती है। कई हादसे भी हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस बारे में जिला प्रशासन को कई बार अवगत करवाया गया है। लेकिन कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। इससे आज भी हाईवे के किनारों पर वाहनों की कतारें लगी रहती हैं। उन्होंने मांग की है कि बस अड्डा से मलबे को हटाया जाए, ताकि हाईवे पर होने वाले हादसों से बचा जा सके।
बाक्स
मुख्य बस अड्डा पर कॉम्प्लेक्स का काम चल रहा है। इस कारण देरी हुई है। शीघ्र ही मलबे को उठा दिया जाएगा। वाहनों को खड़ा करने के लिए बस अड्डा की साफ-सफाई कराई जाएगी।
- जोध राज, सीइओ, नगर परिषद, सांबा