प्रोग्राम कोआर्डिनेटर, एनएसएस विश्वविद्यालय जम्मू की ओर से शुक्रवार को ब्रिगेडियर राजेंद्र सिंह सभागार में 15वीं प्रो. बीडी शर्मा मेमोरियल अंतर कालेज/अंतर विभागीय वादविवाद प्रतियोगिता में सार्क देशों की आर्थिक मजबूती पर जोर दिया गया। दक्षिण एशिया क्षेत्र में शांति को बढ़ावा देने के लिए जरूरी है कि सार्क देशों का आर्थिक स्तर ऊंचा उठे।
प्रतियोगिता में पालीटेक्नीक साइंस जम्मू विश्वविद्यालय के छात्र जयन-उल- अबदीन बांडे को पहला पुरस्कार दिया गया। जेके कालेज आफ एजूकेशन की एकता चौधरी दूसरे और इकनामिक्स विभाग जेयू के साहिल मेहता तीसरे स्थान पर रहे। डिस्टेंस एजूकेशन निदेशालय से हरनीत सिंह और जेके कालेज से सपना को प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया।
प्रतियोगिता में एनएसएस यूनिट सोशल साइंसेस एंड लैंग्वेज ने 15वीं प्रो. बीडी शर्मा रर्निगिं ट्राफी अपने नाम की। प्रतियोगिता में 17 टीमों के कुल 34 प्रतिभागियों ने शिरकत की। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. आरडी शर्मा ने कहा कि प्रो. बीडी शर्मा राज्य के विख्यात अर्थशास्त्री थे। ऐसे विषयों पर प्रतियोगिताओं से युवाओं को सीखने का मौका मिलता है।
इस मौके पर एनएसएस कैंपस यूनिट के चेयरमैन प्रो. जसवीर सिंह, प्रो. पंकज श्रीवास्तव, प्रो. परमेश्वरी शर्मा, डा. अरुण शर्मा, प्रो. नीरू शर्मा, डा. संजय शर्मा आदि मौजूद रहे।