श्रीनगर। शहर के नवाकदल इलाके में 19 मई को हिजबुल कमांडर जुनैद सेहरई समेत दो आतंकियों के साथ हुई मुठभेड़ के बाद एक क्षतिग्रस्त मकान गिरने से घायल 60 वर्षीय मंजूर अहमद और फैयाज अहमद की रविवार को स्किम्स में मौत हो गई। इससे पहले गत बुधवार को घायल 13 साल के एक बच्चे की मौत हो गई थी। इस घटना में अब तक तीन लोगों की मौत हो गई है।
नवाकदल इलाके में आतंकवादियों के साथ सुरक्षाबलों की मुठभेड़ के दौरान फायरिंग में कुछ मकानों को नुकसान पहुंचा था। मुठभेड़ के बाद एक मकान ढह गया। उसकी चपेट में आकर 13 साल का वसीम और 60 वर्षीय मंजूर अहमद व फैयाज अहमद घायल हो गए थे। तीनों को इलाज के लिए एसएमएचएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पुलिस ने रविवार को बताया कि हवाल निवासी मंजूर अहमद ने रविवार सुबह यहां एक अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसके एक घंटे बाद जमलात्ता क्षेत्र के निवासी फैयाज अहमद ने भी दम तोड़ दिया। इससे पहले बुधवार को 13 साल के बसीम एजाज की एसएमएचएस अस्पताल में मौत हो गई थी। मुठभेड़ में कुल चार लोग घायल हुए थे। मुठभेड़ के बाद क्षतिग्रस्त मकान की दीवार उस समय गिरी थी जब एक मकान का मलबा साफ किया जा रहा था।