मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के मागम गांव में बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात से लापता पुलिसकर्मी का शव गुरुवार सुबह पास के ही गांव में एक पेड़ से लटकता हुआ मिला। आशंका जताई जा रही है कि पुलिसकर्मी को उनके घर से अगवा किया गया था, जिसके बाद उनकी हत्या कर दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि मृतक पुलिसकर्मी की पहचान बडगाम जिले के मगाम इलाके के अरीचंद्रीहामा निवासी अब्दुल माजिद के बेटे मोहम्मद अशरफ के रूप में की गई है। उन्हें बीते दिनों अज्ञात लोगों द्वारा अगवा कर लिया गया था। आज सुबह मगाम इलाके के ही अगरीकलान गांव के एक खेत में उनका शव पेड़ से लटकती हुई हालत में बरामद किया गया है।
उन्होंने बताया कि मृतक अशरफ परिहसपोरा पट्टन में नियुक्त थे और बुधवार शाम को वो अपने घर आए थे। आशंका है कि देर रात घर से ही संदिग्ध आतंकियों ने उन्हें अगवा कर लिया था। हालांकि सुरक्षाबलों ने किडनैपरों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।