रियासी। बरसात के मौसम के दौरान बारिश से पहाड़ों से गिरने वाले मलबे और बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने के लिए डिप्टी कमिश्नर निधि मलिक ने बुधवार को बैठक कर अधिकारियों को जरूरी आदेश दिए।
डीसी ने अधिकारियों को कहा कि वह ऐसे स्थानों की पहचान कर लैंड स्लाइडिंग रोकने के साथ ही मौके पर मशीनरी की उचित व्यवस्था करें ताकि किसी भी हालत से निपटा जा सके। इस के साथ ही सड़क मार्ग वगैरह भी बंद नहीं होने पाए। माहौर तहसील के पहाड़ी इलाकों में पस्सी गिरने की ज्यादा संभावनाएं होती हैं जिसके लिए सब डिविजनल मजिस्ट्रेट माहौर को कार्यकारी इंजीनियरों व ग्रेफ के साथ संपर्क बनाए रखने को कहा गया।
विज्ञापन
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को किसी भी हालत से निपटने के लिए मेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस व दवाओं का स्टॉक रखने को कहा। लोगों को बिजली व पीने के पानी की भी उचित व्यवस्था हर हाल में मिलती रहे इस के भी आदेश दिए। लोगों साथ तालमेल बनाए रखने व किसी भी स्थिति में उन से बात करने को जिला मुख्यालय में कंट्रोल रूम बनाने के अलावा सभी एसडीएम को भी अपने क्षेत्र में कंट्रोल रूम स्थापित करने को कहा।
क्विक रिस्पांस टीम के साथ ही आपदा मित्र की टीम को अलर्ट करने की जिम्मेदारी पुलिस को सौंपी। किसी तरह का भी नुकसान होने पर तहसीलदार को समय पर सूचना देने तथा अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर को तुरंत राहत व बचाव कार्य को तत्पर रहने के आदेश दिए। डीसी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से जनता का बचाव करना व उन की मदद करना प्राथमिकता रहेगी।